सीतापुर। निपुण आकलन में बच्चे सौ फीसदी खरे उतरें, इसके लिए विभागीय स्तर पर कवायद शुरू हो गई है। बीएसए ने इसके लिए कॉल सेंटर बनाया है। इस सेंटर के जरिए विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति सहित अन्य जानकारियां हासिल की जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग में अध्ययनरत नौनिहालों का निपुण आकलन होना है। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने अपने स्तर से तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। इस आंकलन में बच्चों की हाजिरी, निपुण एप के जरिये उनका आकलन परखा जाएगा। इस आकलन में बच्चे सौ फीसदी पास हों, इसके लिए अभी से मॉनिटरिंग शुरू हो गई है। बीएसए ने जिले स्तर पर एक कॉल सेंटर बनाया है। इसमें चार कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यह कर्मचारी स्कूल के प्रधानाध्यापक व शिक्षकों को रोजाना फोन करके हाजिरी सहित अन्य जानकारी हासिल करेंगे। इसके बाद बीएसए को रिपोर्ट करेंगे। इस रिपोर्ट के आधार पर निपुण आकलन को लेकर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
परखी जाएगी हाजिरी
निपुण आकलन को लेकर जिले स्तर पर एक कॉल सेंटर बनाया गया है। इसके जरिए विद्यालयों की हाजिरी परखी जाएगी।
अखिलेश प्रताप सिंह, बीएसए