लहरपुर (सीतापुर)। सीतापुर से जीतामऊ मार्ग पर 20 साल से चलाई जा रही बस का संचालन दो सप्ताह से बंद कर दिया गया है। इससे ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री से बस संचालन की मांग की है। सीतापुर से जीतामऊ मार्ग पर चलने वाली बस से ग्रामवासियों को जिला मुख्यालय तक आवागमन की सुविधा प्राप्त होती रही है। दो सप्ताह से बिना किसी पूर्व सूचना के बस का संचालन बंद कर देने से अकबरपुर, न्यामूपुर, जीता मऊ कल्याणपुर, खैरुल्लापुर, मानपुर, फत्तेपुर, कसरैला, परसेंडी, तालगांव आदि के ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। संदीप, घनश्याम, अवनीश, कपिल, परमेश्वर, संजय, सर्वेश, प्रेम कुमार, भानु प्रकाश, आशुतोष आदि ग्रामीणों ने पूर्व की भांति बस का संचालन किए जाने की मांग की है। इस संबंध में एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि बस का संचालन बंद नहीं किया गया है और बस लगातार संचालित हो रही है। (संवाद)