सीतापुर। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में चार जून को सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा बीच के मतगणना शुरू होगी। इसके लिए सुबह छह बजे स्ट्रांग रूम से ईवीएम निकाली जाएंगी। हर विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती के लिए संबंधित हॉल में 14-14 मेजें लगाई जाएंगी।
मतगणना शांतिपूर्ण सकशुल संपन्न कराने के लिए प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। एपीटीसी और 11वीं वाहिनी की बैरकों में मतगणना चार जून को सुबह आठ बजे सेे होगी। इसके लिए डीएम अनुज सिंह प्रत्याशियों के लिए कुछ निर्देश भी जारी किए हैं।
इसके अनुसार एपीटीसी और 11वीं वाहिनी के परिसर में किसी भी वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। मतगणना हॉल में पानी की बोतल, मोबाइल, धूम्र्रपान की सामग्री नहीं ले जानी है। आरओ या उनके अधिकृत अफसरों की ओर से जारी किए गए फोटोयुक्त पास के आधार पर ही मतगणना हॉल में प्रवेश दिया जाएगा।
सदर विधानसभा क्षेत्र के मतगणना हॉल में लगेंगी अतिरिक्त मेजें
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 14-14 मेजें लगाई जाएंगी। जबकि सीतापुर संसदीय क्षेत्र की विधानसभा क्षेत्र सदर की मतगणना के लिए इन मेजों के अतिरिक्त ईटीपीबीएस की स्कैनिंग के लिए तीन मेजें और डाक मतपत्रों की गणना के लिए चार मेजें अतिरिक्त लगाई जाएंगी।
यहां खड़े करें वाहन
विधानसभा क्षेत्र हरगांव, महोली, सिधौली के प्रत्याशी, निर्वाचन अभिकर्ता, मतगणना अभिकर्ता, कार्मिक और मीडिया से संबंधित कर्मी 11वीं वाहिनी पीएसी गेट नंबर एक सदर रोड से प्रवेश करेंगे। वाहन सदर बाजार मैदान में खड़े करेंगे। विधानसभा क्षेत्र सदर, लहरपुर, बिसवां, सेवता, महमूदाबाद और मिश्रिख के प्रत्याशी, चुनाव अभिकर्ता, मतगणना अभिकर्ता और कार्मिक केंद्रीय आयुध भंडार सुदामापुरी रोड से प्रवेश करेंगे। वाहन 27वीं वाहिनी पीएसी मैदान में खड़े करेंगे।