महमूदाबाद (सीतापुर)। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में शनिवार को कस्बे में गंदगी, टूटी सड़कें व खुली पड़ी नालियों का मुद्दा सभासदों ने जोरशोर से उठाया। इस पर अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था दुरूस्त किए जाने का प्रस्ताव पास हुआ।
वार्ड सुंदौली के सभासद सुनील मौर्या ने कहा कि वार्ड में कूड़ादान नहीं रखे गए है। जिससे लोग कूड़ा इधर-उधर डालते है। कुरैशी टोला से सभासद बेबी नाज ने कहा कि रोजाना सफाई कर्मी बदल जाते है। नई बाजार उत्तरी से सभासद उमेश वर्मा ने कहा कि केवल बोर्ड बैठक में मांगें लिखी जाती है। कार्य कोई नहीं हो रहे है। पैगंबरपुर से सभासद असिफ सईद ने कहा कि नगर पालिका चुनाव के छह माह हो चुके है।
पांच बोर्ड बैठकें हो गई। लेकिन विकास कार्य शून्य है। नई बाजार दक्षिणी सभासद बीना गुप्ता ने भी सफाई व्यवस्था का मुद्दा उठाया। इसपर चेयरमैन मोहम्मद अहमद ने कहा कि सफाई व्यवस्था के लिए अभियान चलाया जा रहा है। नालियों पर कब्जा होने से सफाई कर्मी ठीक से सफाई नहीं कर पाते है। अतिक्रमण हटवाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। अधिशाषी अधिकारी शैलेंद्र दुबे ने कहा कि विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। टीम बनाकर वार्डो की सफाई कराई जाएगी। इस प्रस्ताव पर सभी सभासदों ने सहमति दी।