सीतापुर। अलग-अलग स्थानों पर कोरोना पॉजिटिव पाए गए मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों समेत 283 सैंपल रविवार को कोरोना जांच के लिए भेजे गए हैं। सभी की रिपोर्ट आने का इंतजार है।
एसीएमओ डॉ. पीके सिंह ने बताया कि खैराबाद ब्लॉक से 70 लोगों के सैंपल लिए गये हैं। इसमें रामकोट कस्बे में कोरोना संक्रमित मिले होम्योपैथिक डॉक्टर के संपर्क में आए 40 और बिनौरा गांव निवासी हरगांव स्टेट बैंक के कर्मचारी के संपर्क में आए 30 लोगों का सैंपल है। आंख अस्पताल से 83 सैंपल लिए गये हैं, इसमें शहर के विजय लक्ष्मीनगर में कोरोना संक्रमित मिले दवा व्यापारी की पत्नी व उनके संपर्क में आए 50 से अधिक लोगों के सैंपल, बाहर से आए सेक्रेड हार्ट में क्वारंटीन 24 लोगों समेत अन्य के सैंपल हैं।
जिला अस्पताल से खांसी, बुखार, जुकाम, अंडर ट्रायल बंदी समेत 22 लोगों के सैंपल हैं। रेउसा में 23 सैंपल लिए गये हैं, जिसमें सात स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और 16 ‘सारी’ के मरीज हैं। इसके अलावा सिधौली से 85 लोगों के सैंपल लिए गये हैं। इसमें प्रेमनगर में संक्रमित मिले मरीज के संपर्क में आए लोगों के अलावा अन्य का सैंपल है। एसीएमओ ने बताया कि रविवार को 283 लोगों के सैंपल कोरोना जांच के लिए भेजे गये हैं।