सीतापुर। कोरोना का खौफ दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। चीन और थाईलैंड की यात्रा करके लौटने वाले जिले के 22 लोगों पर नजर रखने के साथ ही अभी हाल में विदेश से आए सात और यात्रियों को होम आइसोलेट किया गया है। एयरपोर्ट से सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया और ऐसे संदिग्धों की जांच के लिए बनाई गई टीम को चौकन्ना कर दिया है। सभी यात्री टीम की निगहबानी में हैं। फिलहाल विभाग तीन लोगों में कोरोना के लक्षण न मिलने की बात कर रहा है।
विदेश की यात्रा करके वापस आने वाले हर यात्री की जांच की जाती है। बुखार, जुकाम, खांसी की समस्या होने पर ऐेसे मरीजों को तत्काल आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करने की व्यवस्था की गई है। कुछ दिन पूर्व चीन और थाईलैंड से यात्रा करके जिले के 22 लोग लौटे थे। स्वास्थ्य विभाग ऐसे लोगों पर नजर बनाए हुए था। स्वास्थ्य परीक्षण में किसी में इस बीमारी के लक्षण नहीं मिले थे, इस बीच सात और यात्री विदेश की यात्रा करके वापस आए हैं। इसकी सूचना संबंधित एयरपोर्ट से जिले को दी गई।
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया। नाम, पते के आधार पर रैपिड रिस्पांस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। बताते हैं कि अब तक तीन यात्रियों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया जा चुका है लेकिन किसी में कोरोना के लक्षण न मिलने से यात्रियों और सेहत महकमे ने राहत की सांस ली है। टीम ने बताया कि ये सभी लोग मलेशिया और थाईलैंड की यात्रा करके वापस आएं हैं। फिलहाल टीम ने इन सभी को होम आइसोलेट (घर में शिफ्ट) किया है।
28 दिनों तक बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। लोगों से मिलने पर भी पाबंदी लगाई गई है। जागरूक भी किया गया हैै। टीम ने इन लोगों को बताया है कि घर के लोगों से कम से कम एक मीटर की दूरी बनाकर रहें। दिन में कई बार हाथ धुलें। नाक, मुंह को बार-बार न छुएं। हो सके तो अलग कमरे में और अकेले ही वक्त गुजारें।
विदेश से आने की सूचना मिलने के बाद रैपिड रिस्पांस की टीम ने जिन छह लोगों की जांच की है, उसमें सीतापुर शहर और खैराबाद के पांच और एक हरगांव का है जबकि सातवां यात्री खैराबाद का है। शुक्रवार को उसके घर पहुंची टीम को वह यात्री घर पर नहीं मिला। उसके घर शनिवार को टीम दोबारा जाएगी और स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। विदेश से आने वाले यात्रियों में से चार 50 से 60 साल की उम्र के, एक 36 साल का युवक, 62 साल की महिला, 30 साल की युवती शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि अब तक जिले को जो सूची मिली है, उसके अनुसार सीतापुर के 29 लोग विदेश की यात्रा करके आए हैं। इनमें से 12 यात्री 28 दिन का समय पूरा कर चुके हैं। वे खतरे से बाहर हैं जबकि 17 यात्रियों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।
नोडल अधिकारी, कोरोना संक्रमण डॉ. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सात यात्री अभी जल्द ही विदेश यात्रा करके लौटे हैं। छह की जांच हो चुकी है। सातवें के घर शनिवार को टीम जाएगी। सभी को होम आइसोलेट किया गया है। पहले आए 22 यात्रियों में से 10 लोग 28 दिन का समय पूरा कर चुके हैं। अभी 17 लोगों पर टीम की नजर है।