कुंवर गड्डी। आए दिन होने वाली सर्वर फॉल्ट के कारण काम काज न होने से परेशान उपभोक्ताओं ने सोमवार को अटरिया क्षेत्र के नीलगांव स्थित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा के बाहर एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बैंक कर्मियों द्वारा जानबूझ कर सर्वर फॉल्ट के नाम पर उनको उन्हें परेशान किया जाता है। दो दिनों से सर्वर कनेक्टिविटी न मिलने की बात कहकर खाते से पैसा निकालने व जमा करने का कोई काम नहीं हो रहा है। चौबेपुर निवासी रामसागर व प्रेमा देवी ने बताया उनको पैसों की सख्त जरूरत है। सुबह नौ बजे बैंक पहुंच जाने के बाद भी बैंक कर्मियों ने सर्वर की दिक्कत बताकर खाते से निकासी न हो पाने की बात कह किनारा कस लिया।
बैंक पहुंची निशा व अजमेरी ने बताया कि सर्वर ठप होने का हवाला देकर बैकिंग संबंधी सभी तरह का कामकाज बीते दो दिनों से पूरी तरह से बंद होने के कारण काफी परेशानी उठाना पड़ रही है। उपभोक्ता राम खेलावन व अनुज ने आरोप लगाया कि निकासी न हो पाने पर जब नाराजगी जताई गई तो प्रभारी प्रबंधक तरुण श्रीवास्तव ने सभी को जबरन शाखा के बाहर निकाल दिया। इसके बाद मौजूद उपभोक्ताओं ने बैंक के प्रवेश द्वार के समक्ष एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया। (संवाद)