सीतापुर। पिछले कुछ दिनों से उमड़-घुमड़ रहे बदरा रविवार दोपहर बाद झूमकर बरसे। झमाझम बारिश ने लोगों को तर-बतर कर दिया। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने से मौसम खुशनुमा हो गया और अधिकतम पारा चार डिग्री लुढ़क गया। हांलाकि, शहर में जलभराव और कीचड़ से लोगों को आवागमन में कुछ दिक्कतें हुईं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 29 जबकि न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अगले 24 घंटों तक रुक-रुककर हल्की तो कहीं तेज बारिश के आसार हैं।
रविवार की सुबह से आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया। बदली और हवा चलने से गर्मी महसूस नहीं हुई। करीब 9:14 बजे धूप निकल आई। इसके बाद सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चलने लगा। धूप निकलने से उमस बढ़ गई। धूप-छांव के बीच करीब डेढ़ बजे खैराबाद समेत कई इलाकों में फुहारें पड़ीं। दोपहर करीब 4:48 बजे मौसम ने एकाएक करवट बदली और बादल छा गए। काली घटाओं के बीच बौछारें पड़ने लगीं। कुछ देर में बादलों ने झूमकर बरसना शुरू कर दिया।
हालांकि, शहर में आवास विकास, चुंगी चौराहा, लोहारबाग समेत कई जगह सड़क व गलियों में जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बदली व बारिश से शनिवार की तुलना में अधिकतम पारा चार डिग्री नीचे खिसक गया। अगले 24 घंटों में जिले के कई हिस्सों में बारिश के आसार हैं।