सीतापुर। मौसम ने करवट बदली तो शुक्रवार को भीषण गर्मी और उमस से लोगों को कुछ सुकून मिला। जिले के कई इलाकों में सुबह हुई बारिश से जहां मौसम खुशगवार हो गया, वहीं तमाम हिस्सों में बौछारें पड़ीं और बादल तरसाकर निकल गए। हालांकि दिनभर छाई रही काली घटाओं के बीच चलने वाली हवा से मौसम खुशगवार बना रहा। लेकिन घरों व दफ्तरों के अंदर उमस बरकरार रही। जिले के कई क्षेत्रों में शनिवार को बारिश हो सकती है।
मौसम का मिजाज शुक्रवार की सुबह से ही बदला-बदला नजर आया। आसमान में काले बादलों ने डेरा जमा लिया और मंद-मंद हवा चलने लगी। सुबह करीब दस बजे मिश्रिख, मछरेहटा, लहरपुर, रामकोट और झरेखापुर इलाके में बादलों ने बरसना शुरू कर दिया। बारिश देख युवा और बच्चे बाहर निकल आए और जमकर मस्ती की। खेतों में धान की फसल में नई जान आ गई। इससे किसानों के चेहरे भी खिल उठे। जबकि शहर मुख्यालय समेत कमलापुर, हरगांव व अन्य क्षेत्रों में बौछारें ही पड़ीं।
हालांकि दिन भर बादल छाए रहने के साथ 13 किमी प्रति घंटे की स्पीड से चलने वाली हवा से मौसम सुहाना हो गया। लिहाजा, गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली। मौसम बदलने से बाहर काफी सुकून रहा, लेकिन घरों व दुकानों के भीतर उमस भरी गर्मी परेशान करती रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शनिवार को भी जिले के कई इलाकों में बारिश की संभावना है।