बीएसए कार्यालय में एक दिन की बीएसए बनी अनुष्का फाइल देखती हुई।
सीतापुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित की जा रही है। इसी उद्देश्य से उच्च प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाइन की कक्षा आठ की छात्रा अनुष्का को एक दिन के लिए बीएसए कार्यालय का दायित्व सौंपा गया। अनुष्का ने बीएसए की कुर्सी पर बैठकर शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार रखे और विभागीय कार्यप्रणाली को समझा।
एक दिन की प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालते हुए अनुष्का ने परिषदीय विद्यालयों में पर्याप्त कक्षा-कक्षों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यालयों में जरूरी संसाधनों की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों की पर्याप्त तैनाती, निर्धारित ड्रेस कोड का पालन और समय से धनराशि उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे भी उठाए।
बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को प्रशासनिक जिम्मेदारियों से परिचित कराना और उनमें निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, विचार व्यक्त करने और भविष्य में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।