सीतापुर। दस साल बाद जिला प्रशासन ने भू संपत्तियों का सर्किल रेट बढ़ाने के फैसले पर मुहर लगा दी है। वर्ष 2015 के बाद जिले में सर्किल रेट की दरों में बड़े बदलाव की तैयारी है। हालांकि वर्ष 2019 में आंशिक रूप से कुछ स्थानों की दरों में परिवर्तन हुआ था।
डीएम अभिषेक आनंद के आदेश पर 1 दिसंबर 2015 को स्टांप एवं पंजीयन अनुभाग-2 के आदेश के अनुसार वर्तमान में प्रचलित सर्किल रेट का पुनरीक्षण कर मूल्यांकन सूची में बदलाव किया जा रहा है। इसके लागू होने से जिलेभर में जमीन खरीदना और मकान बनाना 30 फीसदी तक महंगा हो जाएगा।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार नए सर्किल रेट में हाईवे किनारे की जमीनों पर 30 फीसदी तक बढ़ोत्तरी की तैयारी है। वर्तमान में प्रतिदिन जमीनों की रजिस्ट्री से करीब 90 लाख से एक करोड़ रुपये तक के राजस्व की प्राप्ति होती है। सर्किल रेट की दरों में बढ़ोतरी के बाद भू संपत्तियों के बैनामों से होने वाली राजस्व आय एक करोड़ 40 लाख रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए डीएम की अध्यक्षता में निबंधन व प्रशासन से जुड़े 12 अफसरों की एक विशेष बैठक हुई है।
इसमें अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नीतीश कुमार सिंह के साथ सहायक महानिरीक्षक निबंधन जगदंबा शुक्ला, सातों तहसील के एसडीएम, उपनिबंधक सदर राजीव त्रिपाठी व चार अन्य उपनिबंधक शामिल हुए। इसमें सभी ने सर्किल रेट की मूल्यांकन सूची में अंकित दरों को व्यवहारिक बनाने के साथ बाजार मूल्य के समरूप करने का प्रस्ताव रखा। बैठक में नौ प्रमुख बिंदुओं पर हुई चर्चा के बाद इस पर सबकी सहमति भी बनी है। सर्किल रेट की बढ़ी दरों को एक माह में लागू किए जाने की तैयारी है। (संवाद)
12 साल बाद दूर होगी महोली की विसंगति
जिलाधिकारी अभिषेक आनंद ने महोली तहसील के सर्किल रेट की विसंगति दूर करने का निर्णय लिया है। इस तहसील को मिश्रिख तहसील से काटकर 11 दिसंबर वर्ष 2013 में स्थापित किया गया था। यहां मिश्रिख तहसील के साथ साथ सदर तहसील के सर्किल रेट के अनुसार बैनामे होते हैं। महोली तहसील का अपना कोई सर्किल रेट नहीं है। अब पूरे तहसील क्षेत्र का एक सर्किल रेट निर्धारित होगा। इससे भू संपत्तियों की खरीद फरोख्त में होने वाली विसंगति भी खत्म हो सकेगी।
बदलाव के प्रमुख बिंदु
अधिक प्लाटिंग व बैनामों वाले गांवों को चिन्हित कर 25 फीसदी सर्किल रेट बढ़ाया जाए।
कृषि भूमि की सड़क किनारे व आबादी के पास छूटी जमीनों के साथ नई आबादी के खसरा नंबरों की दरों में न्यूतम 25 फीसदी का इजाफा हो।
बाईपास व नए सड़क मार्गों से सटी जमीनों को कृषि, आवासीय, व्यवसायिक व औद्योगिक भूमि के अनुसार वर्गीकृत कर दरों में वृद्धि हो।
महोली तहसील की दो मूल्यांकन सूचियों को मिलाकर एक नई सूची बनाई जाए।
बाढ़ग्रस्त व तराई इलाकों के सर्किल रेट की दरों में कमी की जाए।
सीमावर्ती जिलों की सीमा पर स्थित गांवों की दरों को यथासंभव एक समान रखा जाए।
एक न्यूनतम क्षेत्र तक बैनामे में आकर्षक दर देने की व्यवस्था समाप्त हो, भूखंड चाहे जितना भी बड़ा या छोटा हो, समानुपाती दरें ही लगें।
स्टांप कमी के केस में जांच के दौरान स्थलीय निरीक्षण कर जीपीएस युक्त फोटो के साथ दिनांक व समय भी अंकित हो।
सर्किल रेट बढ़ने से जिले की आय पर सीधा फर्क पड़ता है। सर्किल रेट में जितना फीसदी इजाफा होता है, उतना ही इजाफा जिले की आय में होता है। जिन जमीनों के रेट में वृद्धि हुई है। उन इलाकों में लोगों को जमीन की खरीद फरोख्त करने पर अब अधिक स्टांप शुल्क देना होगा। जिले में स्टांप की बिक्री बढ़ेगी और राजस्व में बढ़ोतरी दर्ज होगी। महोली तहसील की विसंगति भी खत्म हो जाएगी। जिले के विकास को पंख लगेंगे।
-अभिषेक आनंद, जिलाधिकारी सीतापुर