तंबौर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में एक चौकीदार का शव संदिग्ध हालात में सड़क किनारे पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि किसी जंगली जानवर ने अधेड़ का शिकार किया है। पुलिस व वन विभाग के अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सकरन के मधवापुर बरक्षता निवासी दिनेश सिंह (40) काफी समय से कस्बे की एक प्लाईव़ुड फैक्टरी पर चौकीदारी करता था। वह नशे का भी आदी था। कस्बे के कई कारखानों में काम करने की वजह से बहुत से लोग उससे परिचित थे।
रविवार सुबह उसका शव छतांगुर से ककरहा जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन रेंजर लहरपुर रेंजर ब्रजेश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि नशे में गिरकर युवक बेहोश हो गया। इसके बाद भेड़िये व सियार जैसे जंगली जानवरों ने उसका पेट व हाथ खा लिया है। वन विभाग की टीम कांबिंग कर रही है। लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।