सीतापुर। अंतरजनपदीय स्थानांतरण के तहत 271 शिक्षक रविवार को जिले से कार्यमुक्त कर दिए गए। वहीं 48 से अधिक शिक्षकों ने रविवार को जॉइनिंग भी दी। इन शिक्षकों को जल्द ही विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया शुरु की जाएगी।
अंतरजनपदीय स्थानांतरण को लेकर दो दिन से बीएसए कार्यालय पर कार्यमुक्त करने की प्रक्रिया चल रही है। 69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत 313 शिक्षक पहले चरण में कार्यमुक्त होने से बच गए थे। इन शिक्षकों का मामला न्यायालय में विचाराधीन था।
रविवार को बीएसए कार्यालय खुला। नियुक्ति पटल से जुड़े सभी कर्मचारी शिक्षकों को कार्यमुक्त करने में जुटे रहे। करीब 271 शिक्षकों को उनके जिले में जॉइनिंग करने के लिए रिलीव कर दिया गया है। वहीं गैर जनपद से भी सुबह 10 बजे के बाद शिक्षक आना प्रारंभ हो गये थे।
बीएसए कार्यालय में अपनी फाइल जमा करके जॉइनिंग दी। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया सभी शिक्षक कार्यमुक्त कर दिए गए हैं। अब कोई भी शिक्षक नहीं बचा है। गैर जनपद से आने वाले शिक्षक लगातार अपनी जॉइनिंग दे रहे है। सोमवार को भी वह जॉइनिंग दे सकते हैं।