सीतापुर। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक अभिभावक संघ की बैठक 24 अप्रैल को एक साथ आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यालयों में 90 फीसदी से अधिक हाजिरी वाले नौनिहालों को सम्मानित किया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं।
शैक्षिक सत्र 2026-27 की पहली पीटीएम को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। बीएसए ने बीईओ को बिदुंवार कार्यक्रम करने की हिदायत दी है। स्कूल में लंच के बाद बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए ने कहा कि अभिभावकों की सौ फीसदी हाजिरी होनी चाहिए। प्रयास करें बच्चों के माता-पिता दोनों आए। कक्षावार सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था की जाए। सभी बच्चों का समग्र प्रगति कार्ड व निपुण आकलन में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को विद्यालय आकलन कार्ड अभिभावकों को देकर उस पर विस्तार से चर्चा की जाए। 90 फीसदी से अधिक हाजिरी वाले नौनिहालों को स्टार ऑफ द मंथ से सम्मानित किया जाए। पीटीएम में शामिल होने वाले अभिभावकों के लिए धन्यवाद कार्ड और उपस्थित नहीं हो पाने वाले अभिभावकों के लिए अगली बार जरूर आना कार्ड बच्चों से बनवाकर उनके हाथ अभिभावकों तक पहुंचाए जाए। पीटीएम को डीसीएफ पोर्टल पर भरना सुनिश्चित करें।
बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि पीटीएम एक साथ 24 अप्रैल को सभी विद्यालयों में होगी। प्रधानाध्यापकों को इसकी तैयारियां व सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।