कुंवरगड्डी। अटरिया थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में शादी की। कुछ दिन बाद वह शादी से इन्कार कर भाग गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
इलाके के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि जनवरी में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत उसकी शादी गाजीपुर निवासी उदय प्रकाश रावत से हुई थी। सामूहिक विवाह की रस्में होने के बाद दोनों पति-पत्नी अपने-अपने घर में रहने लगे थे। दोनों पक्षों में आपसी सहमति से युवती के पिता ने 9 दिसंबर को दोबारा धूमधाम से शादी करने की तिथि निर्धारित की थी।
पीड़िता के पिता ने शादी का कार्ड छपवाने के साथ लाइट, टेंट, हलवाई, दान दहेज आदि की पूरी व्यवस्था कर ली। इसके बाद अचानक युवक गैर-प्रांत में मजदूरी करने चला गया। अब पीड़िता का परिवार दर-दर भटक रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके साथ शारीरिक शोषण हुआ है। ससुराल पक्ष के लोग अधिक दहेज की मांग कर रहे हैं। पीड़िता के परिजन गरीब होने के कारण उनकी मांगें पूरी नहीं कर पा रहे हैं। तभी युवक ने शादी करने से इन्कार कर दिया है। तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।