सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने शनिवार को सीएचसी पहला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान जिलाधिकारी को प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल सचान अनुपस्थित मिसे। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परचा काउंटर व मरीजों को दी जाने वाली दवाओं की जानकारी ली। एक्सरे कक्ष बंद मिलने पर डॉ. कंचन भारती का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रयोगशाला कक्ष व टीबी यूनिट कक्ष को देखा। जिलाधिकारी ने टीबी मरीजों का डाटा न दिखाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की।
लेबर रूम पहुंचकर लेबर रूम रजिस्टर काे चेक किया। आशा से गांव में लगाई जाने वाली वैक्सीन के बारे में फोन के माध्यम से जानकारी प्राप्त की। टीकाकरण की जानकारी करते हुए प्रसव रजिस्टर को देखा। 600 महिलाओं में से केवल 150 प्रसव होने पर ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर(बीसीपीएम) मयंक का 15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। रेफर रजिस्टर देखा व रेफर किए गए मरीजों से वार्ता की।
तीन दिन पहले रेफर किए गए मरीज का फीडबैक नर्स कल्पना देवी नहीं दे पाई। इस पर इनको प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए। सीएमओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रेफर किए गए मरीजों का फीडबैक नर्स अवश्य प्राप्त करें। जिलाधिकारी ने मरीज के खाने व पीने योग्य पानी की जानकारी करते हुए निर्देश दिए कि यदि टंकी का पानी पेयजल के लिए इस्तेमाल किया जा रहा हो तो आरओ अवश्य लगवाएं।