सीतापुर। छुट्टा घूमने वाले गोवंशों को संरक्षण व सुरक्षा देने के लिए जल्द ही 54 एकड़ जमीन पर संसाधन युक्त गोशाला का निर्माण होगा। जिलाधिकारी की पहल पर इसके लिए सिधौली तहसील में 54 एकड़ जमीन चिन्हित की गयी है। इस पर वृहद गोशाला बनाए जाने का तैयार प्रस्ताव भी शासन के अनुमोदन को भेजा गया है। इसमें तीन से पांच हजार गोवंश को एक साथ रखे जाने की व्यवस्था होगी। इसमें गोवंश के लिए टिन शेड के साथ ही उनके खान पान के साथ ही गोशाला की साफ सफाई के भी बेहतर इंतजाम सुनिश्चित होंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में छुट्टा घूम रहे गोवंशों के कारण किसानों को हो रही परेशानी से छुटकारा दिलाने के लिए ही एक वृहद गोशाला के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। वर्तमान में जिले में 118 गोआश्रय स्थल संचालित हैं। इनमें 19705 गोवंश को संरक्षित किया जा रहा है। जिले में पांच कान्हा गोशाला व एक गोपालशाला भी है।
गोवंश बाहर छुट्टा न घूमने पाएं और उन्हें संरक्षित रखने के साथ ही सुरक्षित भी रखा जा सके इसके लिए ही डीएम अनुज सिंह के निर्देश पर सिधौली तहसील में नीलगांव फॉर्म के नजदीक 54 एकड़ जमीन में एक वृहद गोशाला के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि इस वृहद गोशाला के बनने से तीन से पांच हजार तक गोवंश को एक ही जगह संरक्षित व सुरक्षित रखते हुए उनकी देखभाल की जा सकेगी।