महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली पुलिस ने पंचायत चुनाव की ड्यूटी में लापरवाही बरतने के मामले में सहायक निर्वाचन अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ये कार्रवाई आरओ की तहरीर पर की है।
महमूदाबाद पुलिस को आरओ आरके यादव की ओर से तहरीर दी गई। इसके मुताबिक, न्याय पंचायत जयरामपुर के सहायक अधिकारी का स्वास्थ्य खराब होने की वजह से गन्ना पर्यवेक्षक राजेश कुमार को न्याय पंचायत जयरामपुर का सहायक निर्वाचन अधिकारी बनाया गया था, लेकिन वह तीन अप्रैल से लगातार अनुपस्थिति चल रहे हैं।
कई बार उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। कोतवाल महमूदाबाद अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि आरओ की तहरीर पर ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में गन्ना पर्यवेक्षक राजेश कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।