सीतापुर। महमूदाबाद के मोहल्ला तकिया इमलिया में बस पर हमला व महिलाओं से छेड़छाड़ करने के आरोपियों पर मंगलवार शाम केस दर्ज कर लिया गया। कोर्ट के आदेश पर डेढ़ माह बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।
पीड़ित आमिर हसन ने बताया कि 22 अप्रैल को उनकी भतीजी की शादी थी। 23 अप्रैल को चौथी का कार्यक्रम था। आरोप है कि 23 अप्रैल की शाम छह बजे परिवार की महिलाएं, लड़कियां व अन्य रिश्तेदार बस में सवार हो रहे थे। उसी दौरान विपक्षी मोहल्ला तकिया इमलिया निवासी राजबहादुर शराब के नशे में पहुंचा। वह महिलाओं व लड़कियों से आपत्तिजनक बातें करने लगा। इस पर सभी ने राजबहादुर को भगा दिया।
कुछ ही देर बाद राजबहादुर अपने साथियों मुन्नी लाल, मनोज, सूबेचंद, टुन्ना और कुंवारे के साथ पहुंचा। सभी ने लाठी-डंडों से बस पर हमला कर दिया। बस की लाइट व शीशा तोड़ने के साथ बस पर पथराव कर दिया। जब विपक्षियों पर केस दर्ज कराने का प्रयास किया तो पुलिस ने पीड़ितों पर ही केस दर्ज कर लिया जबकि उनके पास बस पर हमले के सारे साक्ष्य मौजूद हैं।
इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मंगलवार शाम डेढ़ माह बाद बस पर हमला व छेड़छाड़ का केस दर्ज कर लिया।