यातायात पुलिस ने गुरुवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 50 वाहनों का चालान काटा गया। कई गाड़ियों पर अवैध रूप से लगी नीली बत्ती उतराई। साथ ही गाड़ियों के शीशे पर लगी काली फिल्म भी हटवाई।
वाहनों की चेकिंग के दौरान डाक अधीक्षक एके अवस्थी नीली बत्ती लगे चौपहिया वाहन से लखनऊ की तरफ जाते मिले। टीम ने जब उन्हें रोका तो डाक अधीक्षक ने पहले अपना रुतबा दिखाने का प्रयास किया, लेकिन सामने डीएम व एसपी को देख वे रुतबा भूल खुशामद पर उतर आए।
टीम ने उनकी बत्ती को जब्त करते हुए वाहन का चालान काटा। इसी तरह से कमांडेंट सीतापुर भी अपनी गाड़ी पर नीली बत्ती लगाकर सफर करते पकड़े गए। टीम ने उनके वाहन से नीली बत्ती उतरवाई और चालान काटा। वन विभाग के रेंजर के वाहन पर भी नीली बत्ती लगी मिली।
टीम ने उनके वाहन से भी नीली बत्ती उतारी और चालान काटा। कांग्रेस के अतुल गुप्ता की गाड़ी का भी चालान काटा गया। इसी तरह से कमलापुर, सिधौली, अटरिया, महोली, मिश्रिख, हरगांव, लहरपुर, तंबौर, रेउसा, महमूदाबाद में वाहनों की चेकिंग की गई। एमवी एक्ट के तहत करीब 50 वाहनों का चालान काटा गया।