झरेखापुर क्षेत्र में हंगामा के दौरान लगी भीड़।
झरेखापुर/सीतापुर। हरगांव थानाक्षेत्र में सीतापुर-लखीमपुर मार्ग पर रविवार दोपहर ट्रक को ओवरटेक करते समय एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। इसपर कार सवार महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। महिलाएं ट्रक में तोड़फोड़ करने लगीं। करीब एक घंटे तक सड़क पर बवाल होने से यातायात भी बाधित रहा। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराते हुए जाम हटवाया। इस पूरे मामले का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हुआ।
बडेलिया चौराहे पर लाला मिर्चा वाले की दुकान के सामने सड़क के किनारे ग्राहकों के वाहनों की कतार लगी थी। ट्रक व कार लखीमपुर की ओर से आ रहे थे। ट्रक को ओवरटेक करते समय कार उसमें भिड़ गई। जिससे कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद कार सवार महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। जिससे डर कर ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। आक्रोशित महिलाओं ने डंड़ों से ट्रक में जमकर तोड़फोड़ की। लगभग एक घंटे तक हंगामा चलता रहा और इस दौरान जाम लगने से आवागमन बाधित रहा। हरगांव के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि महिलाओं ने ट्रक में तोड़फोड़ की है। मामले की जांच की जा रही है। किसी भी पक्ष की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है।