कमलापुर (सीतापुर)। अपनी शिक्षक पत्नी के साथ मास्टरबाग इलाके में रहकर कारोबार करने वाले मूलत: जालौन निवासी कारोबारी को निशाना बनाकर जालौन के ही कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में कारोबारी तो बच गया, लेकिन उसका साथी जख्मी हो गया।
उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जालौन जिले के एटा थाना क्षेत्र के हरदोई गूजा निवासी जसराम कमलापुर के मास्टरबाग में रहकर शटरिंग का काम करते हैं। उनकी शिक्षक पत्नी भी इसी क्षेत्र में तैनात है।
जसराम के मुताबिक, वह रविवार की देर शाम मानपुर इलाके के गोपालपुर गांव निवासी अपने साथी वीरेंद्र (30) के साथ बाइक से जा रहा था। इसी बीच कमलापुर इलाके में मास्टरबाग के निकट बोलेरो सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और उसको अगवा करने की नियत से बोलेरो में बिठाने के लिए खींचने लगे।
वीरेंद्र ने इसका विरोध किया तो उन लोगों ने वीरेंद्र को गोली मार दी। गोली चलाने के बाद हमलावर भाग निकले। गोली लगने से वीरेंद्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे सीएचसी कसमंडा ले जाया गया। उसके बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना को लेकर जसराम ने अपने ही गृह क्षेत्र के रहने वाले राम प्रकाश, मनोज व पवन के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उसका कहना है कि इन लोगों ने रंजिश के चलते फायरिंग कर वीरेंद्र को जख्मी किया है। इंस्पेक्टर आरबी सुमन का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस कर्मी के बेटे को तमंचे से लगी गोली
सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में एक पुलिसकर्मी के बिगड़ैल बेटे को सोमवार की रात संदिग्ध हालात में गोली लग गई। जिससे वह जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया है। पुलिस का कहना है कि युवक ने तमंचे के बल पर घर वालों को धमकाने के बाद खुद को गोली मार ली।
शहर कोतवाली इलाके के बिजवार खुर्द गांव निवासी हरि प्रकाश (27) पुत्र प्रेम प्रकाश को सोमवार की आधी रात संदिग्ध हालात में गोली लग गई। जिससे वह जख्मी हो गया। उसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना को लेकर एसएसआई बृजेश कुमार मिश्रा का कहना है कि हरि प्रकाश एक पुलिस कर्मी का बेटा है।
उसने रात को तमंचा लाकर पहले परिवार वालों को धमकाया। उसके बाद खुद को गोली मार ली। गोली उसके हाथ में लगी है। उसकी हालत ठीक है। मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। जांच कराई जा रही है।