सीतापुर। शहर के लोहारबाग निवासी लोहा व्यापारी अर्पित जैन (35) बुधवार से लापता हैं। उनके दोनों मोबाइल बंद हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस टीम के साथ एसओजी भी सक्रिय है।
लोहारबाग निवासी अनिल जैन के अनुसार उनके पुत्र अर्पित (35) लोहा व्यापारी हैं। अर्पित का एक ऑटोमोबाइल शोरूम भी है। बुधवार सुबह 11 बजे अर्पित आधे घंटे में आने की बात कहकर अपने लोहारबाग स्थित प्रतिष्ठान से निकले थे। इसके बाद से उनका पता नहीं चल रहा है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के आधार पर कुछ नंबरों को सर्विलांस पर लगाया है। साथ ही अर्पित के मूवमेंट के सीसीटीवी फुटेज और कुछ लोगों के मोबाइलों की सीडीआर खंगाली जा रही है।
सूत्रों के अनुसार एक ऐसा नंबर भी प्रकाश में आया है जिसे अर्पित ने एक वर्ष पूर्व बंद कर दिया था। इस नंबर पर अर्पित के कुछ रिश्तेदारों ने कुछ समय पूर्व फोन किया था तो घंटी बजी थी। रिश्तेदारों की सूचना पर अर्पित की पत्नी ने इस पर फोन मिलाया तो वह पहले स्विच ऑफ बताता रहा। इसके बाद एक माह पूर्व जब उनकी पत्नी ने फोन मिलाया तो किसी महिला ने फोन उठाकर पांच माह पूर्व वह नंबर अलॉट होने की बात कही।
पुलिस ने उनके एक ऐसे नंबर की जांच भी शुरू की है, जिस पर वह सिर्फ व्हाट्सएप चलाते थे। उस नंबर पर बुधवार सुबह 9:59 बजे के बाद कोई एक्टिविटी नहीं है। अर्पित की बाइक का भी कोई सुराग नहीं लग सका है। सूत्रों के अनुसार अर्पित के दो महिला कारोबारियों से अच्छे व्यापारिक रिश्ते हैं, इस एंगल पर भी पुलिस पड़ताल कर रही है। वहीं, अर्पित अपने मुनाफे की रकम को किस ढंग से हैंडल करते थे, इसकी तफ्तीश भी की जा रही है।