सीतापुर। महोली कस्बे में करीब 10 दिन पूर्व व्यापारी से हुई लूट का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने हरदोई के दो लुटेरों को दबोचा है। इनसे लूटी नकदी, वारदात में इस्तेमाल दो बाइक, बैग आदि बरामद किया है। हालांकि इस वारदात में शामिल तीन लुटेरे अभी भी पुलिस की पहुंच से दूर हैं। पुलिस का कहना है कि दबोचे गए लुटेरों को जेल भेजा जा रहा है।
महोली कस्बे के निवासी राजन गुप्ता 20 जुलाई को बैंक से दो लाख रुपये निकालकर घर के दरवाजे पर पहुंचे थे। तभी दो बाइकों पर सवार लुटेरों ने उनसे दो लाख रुपये लूट लिए थे। खुलासे के लिए एसपी ने महोली, इमलिया सुल्तानपुर पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच को भी लगाया था। इसी वारदात में लापरवाही करने वाले महोली कस्बा इंचार्ज सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था। शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक इस वारदात में शामिल दो लोगों को महोली कोतवाली क्षेत्र में पिसावा तिराहे के पास से पकड़ा गया है। पकड़े गए आरोपियों में हरदोई शहर कोतवाली क्षेत्र के कैथवलिया गांव निवासी मुनेंद्र बरवार व रामवीर बरवार को दबोचा गया है। इनके पास से लूटी गई नगदी में से एक लाख 48 हजार रुपये, झोला, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस का दावा है कि दोनों शातिर अपराधी हैं। रामवीर पर 10 और मुनेंद्र पर छह आपराधिक मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि इस वारदात को उन लोगों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों के नाम हरदोई शहर कोतवाली के सुरजीपारा निवासी सुसु उर्फ विचित्र बरवार व अनिकेत बरवार, हरदोई के ही कैथवलिया निवासी बड़काऊ उर्फ ज्ञान प्रकाश बरूवार का भी नाम बताया है। हालांकि तीनों फरार हैं। लूट को अंजाम देने वाले इन बदमाशों की संपत्ति की भी जांच कराई जाएगी। अपराध के जरिए संपत्ति अर्जित की है तो उसको जब्त किया जाएगा। गैंगस्टर भी लगाया जाएगा। आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।