लहरपुर। इलाके की लालपुर गल्ला मंडी के सामने बृहस्पतिवार सुबह सड़क किनारे खड़े ट्रक से यात्रियों से भरी एक निजी बस टकरा गई। कोहरे के कारण हुए इस हादसे में 16 यात्री घायल हो गए, जिसमें एक महिला सहित चार की हालत गंभीर है। बस का चालक मौके से भाग निकला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
बृहस्पतिवार को तंबौर मार्ग स्थित लालपुर मंडी के सामने एक ट्रक खड़ा था। घने कोहरे के कारण तंबौर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बस के चालक को ट्रक दिखाई नहीं पड़ा। इससे बस की भिड़ंत खड़े ट्रक से हो गई। हादसा होते ही बस में मौजूद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। बस यात्री प्रेम सागर पांडेय ने बताया कि निजी बस तंबौर से लहरपुर आ रही थी। इसमें लगभग 35 से 40 यात्री सवार थे। कोहरा अधिक होने बावजूद भी बस चालक तेज रफ्तार से बस लेकर आ रहा था। दुर्घटना के बाद चालक मौके से भाग गया।
हादसे में बस सवार 16 यात्री चोटिल हो गए। इनमें से तंबौर के काशीपुर मल्लापुर निवासी खलीकुन निशा (45), तंबौर के अज्जेपुर निवासी रोशन (49), सकरन निवासी मनसुखा (45) व सकरन के पलौली निवासी प्रेम सागर पाण्डेय (66) की हालत गंभीर है। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से खलीकुन निशा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बस में सवार अन्य यात्री दूसरे साधनों से अपने-अपने गंतव्य को रवाना हो गए। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि बस चालक की तलाश की जा रही है।