सिधौली। अटरिया के नेशनल हाईवे पर शुक्रवार देर शाम एक बाइक गोला डिपो की रोडवेज बस में पीछे से टकरा गई। बाइक टकराते ही उसकी टंकी फट गई। इसके बाद पहले बाइक और फिर बस में आग लग गई। पलक झपकते ही बस व बाइक आग का गोला बन गए। राहत की बात यह रही कि समय रहते बस में सवार सभी 30 यात्री उतर व बाइक सवार सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाने से हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
अटरिया के धारानगर गांव निवासी सुंंदरलाल अपनी बाइक से सिधौली की ओर जा रहे थे। इस दौरान गोधना सहजनपुर के पास देर शाम लगभग 6:30 बजे एक रोडवेज बस में पीछे से अनियंत्रित होकर टकरा गए। सुंदरलाल के अनुसार बस ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगाए थे, इसी वजह से वह बस से टकरा गए। टक्कर से मोटरसाइकिल की टंकी फट गई और देखते ही देखते बस और बाइक आग का गोला बन गईं। बाइक सवार सुंदरलाल व बस में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस व दमकल टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हाईवे पर घंटे भर बाधित रहा यातायात
घटना के दौरान एक घंटे हाईवे पर यातायात बाधित रहा। आग बुझने के बाद नेशनल हाईवे पर यातायात बहाल हुआ। बस में सवार सभी यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य की ओर भेजा गया।