सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ बदमाश।
सरैया (सीतापुर)। रामपुर कलां के सरैंया चौराहे पर स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान में सेंध लगाकर चोर 1.35 लाख रुपये ले उड़े। इस दौरान एक चोर सीसीटीवी कैमरे में रुपये गिनते भी कैद हुआ है। पुलिस ने मौके पर जांच की है।
महमूदाबाद के मोहल्ला भट्ठा राजा रोड निवासी ममता निगम की रामपुर कलां क्षेत्र के सरैंया चौराहे पर बियर व अंग्रेजी शराब की दुकान है। शनिवार भोर करीब 3:50 बजे एक चोर दीवार में सेंध लगाकर दुकान में घुस गया। उसने दुकान के दोनों कैश काउंटर के लाॅक तोड़कर करीब 1.35 लाख रुपये चोरी कर लिए। पड़ोसी दुकानदारों ने दुकान मालिक को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद ममता निगम के पति चंद्र प्रकाश निगम दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को देखा। चोरी की पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक चोर दुकान के अंदर गमछा मुंह में बांधकर घुसा है। उसके बाद उसने कैश काउंटर से रुपये निकाल कर दुकान के अंदर ही गिने हैं। इसके बाद पीछे से ही भाग गया है। चंद्र प्रकाश निगम ने बताया कि चोरी की तहरीर दे दी है।