सदरपुर (सीतापुर)। देबियापुर चौराहे पर सामान लेने रुके कार सवार लोगों पर दबंगों ने हमला कर दिया। पीड़ितों ने पिटाई के साथ ही तमंचे से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने फायरिंग की घटना से इन्कार करते हुए मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। बिसवां के झज्झर मोहल्ला निवासी विनीत मिश्रा के अुनसार वह शुक्रवार को अपने साथी ललित दीक्षित, गौरव अग्निहोत्री के साथ सदरपुर के धामीसरांय में एक बर्थडे में गए थे।
लाैटते समय रात करीब 10 बजे दिबियापुर चौराहे पर कुछ सामान लेने के लिए कार सवार एक दुकान पर रुके तो दिबियापुर के रिंकू रावत, सुरेंद्र रावत, चार अन्य लोगों के साथ आ गए। आरोपी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने विनीत के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया जिससे उसके सिर से खून बहने लगा।
पीड़ित के साथ गौरव व ललित ने जब उसे बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन्हें भी घायल कर दिया। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने पीड़ित की जेब से साढ़े 12 हजार रुपये निकाल लिए। साथ ही लोहे की राॅड से कार का पिछला शीशा व मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। डराने के इरादे से फायरिंग भी की। थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। रुपये निकालने व फायरिंग के आरोप निराधार हैं।