लहरपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र के निकट अवैध अतिक्रमण कर बनाए गए मकान व दुकानों पर मंगलवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। नवीन परती भूमि गाटा संख्या 1822 पर वर्षों पूर्व अजीमुल्ला ने छह दुकानें व मकान का निर्माण कराया था। मंगलवार को तहसीलदार न्यायालय के आदेश पर निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया।
तहसीलदार मनीष त्रिपाठी ने बताया कि लगभग 55 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति को कब्जामुक्त कराया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक अमर सिंह, लेखपाल आलोक श्रीवास्तव, राहुल यादव आदि मौजूद रहे।