सीतापुर। जिला अस्पताल के गेट और आसपास के मार्गों से अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार को नगर पालिका प्रशासन ने अभियान चलाया। डीएम के निर्देश पर एसडीएम जनार्दन और प्रभारी नगर पालिका ईओ सीमा सिंह के नेतृत्व में टीम ने बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानें हटाईं। इस दौरान 10 दुकानदारों के चालान काटे गए।
सड़क किनारे दुकानें और ऑटो रिक्शे खड़े होने से आए दिन जाम लगता था। इससे अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और एंबुलेंस को परेशानी होती थी। अधिकारियों ने दुकानदारों को सड़क से हटकर दुकानें लगाने के निर्देश दिए। ऑटो रिक्शों के संचालन के लिए निर्धारित रूट चार्ट का सख्ती से पालन कराने को कहा गया।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर और यातायात टीम को दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए हैं। ईओ ने बताया कि अस्पताल के आसपास सुंदरीकरण की योजना भी तैयार की गई है। करीब 15-20 दिन में इंटरलॉकिंग और स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू होगा।