हरगांव/सीतापुर। नगर पंचायत की पहली बोर्ड बैठक गुरुवार हुई। मुख्य अतिथि कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही मौजूद रहे। बैठक में 2 करोड़ 55 लाख 61 हजार रुपये का बजट पास किया गया। सभासदों ने विकास कार्यों के प्रस्ताव दिए, जिन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही का अध्यक्ष गफ्फार खां ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। कारागार राज्यमंत्री ने बिना भेद भाव के सभी सभासदों से विकास कार्य कराने की बात कही। साथ ही बारिश के सीजन में मियावकी पद्धति से पौधरोपण किए जाने के निर्देश दिए।
इस दौरान सभासदों ने नगर में पार्क व तालाबों का सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी व पेयजल व्यवस्था, यात्री प्रतीक्षालय आदि का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव दिए। जिन्हें ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। बैठक में सभासद उमा सिंह, सुएब खां, गुड्डी देवी, राजेश्वरी देवी, अशोक कुमार मिश्रा, ऋषभ गुप्ता, उमेश जायसवाल, मलका गौसिया, बिन्देश्वरी देवी, मो. सलीम आदि मौजूद थे।