लहरपुर (सीतापुर)। तालगांव थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी बाइक में पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप के पहिए में फंसकर भाई-बहन करीब 15 मीटर तक घसीटते चले गए। हादसे में युवक को हल्की चोटें आईं हैं।
लहरपुर-बिसवां मार्ग पर न्यामुपुर गांव है। कोतवाली बिसवां के चंदनपुर निवासी सूबिया (21) व उसका भाई शादाब (18) पेट्रोल डलवाने के लिए सड़क किनारे बाइक रोककर खड़े थे।
दोनाें लहरपुर के नौव्वापुर स्थित अपने ननिहाल में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी बीच पीछे से आई पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में भाई-बहन पिकअप में फंसकर 15 मीटर तक घसीटते चले गए। लोगों के शोर मचाने पर चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप चालक नशे में था। पिकअप में शराब की बोतल भी पड़ी थी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी लहरपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया। सूबिया को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसके चेहरे व पेट पर गंभीर चोटें आईं थीं। वहीं शादाब को हल्की चोटें आईं है। एसओ वीरेंद्र ने बताया कि पिकअप को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।