सीतापुर। रामकोट इलाके के भवानीपुर गांव में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों बीच वोटर लिस्ट में नाम बढ़ाने को लेकर विवाद हो गया। बात बढने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। जिससे दोनों पक्षों के तीन लोग जख्मी हो गए। घटना की खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
रामकोट इलाके के भवानीपुर कालिकाबक्स गांव में गुरुवार को क्षेत्रीय लेखपाल वोटर लिस्ट की जांच करने पहुंचा था। लिस्ट में नाम बढ़ाने को लेकर पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों का दूसरे पक्ष के रामानंद के बीच विवाद हो गया। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में ईंट पत्थर व डंडे चले। जिससे एक पक्ष के रामानंद व पूर्व प्रधान पक्ष के रामनरेश पांडेय व वेद प्रकाश जख्मी हो गए।
इन लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां तीनों का इलाज चल रहा है। खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। एसओ संजीत सोनकर का कहना है कि घटना की जानकारी होने पर जांच की गई है। दोनों पक्षों के घायल लोगों को जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।