लोगों को संबोधित करते सपा नेता शिवपाल सिंह।
लहरपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव बृहस्पतिवार को लहरपुर पहुंचे। उन्होंने लहरपुर गेट के पास स्थापित पूर्व सांसद हरगोविंद वर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। बृहस्पतिवार को पूर्व सांसद की 38वीं पुण्यतिथि पर उनके पुत्र सपा विधायक अनिल वर्मा ने एक गोष्ठी का आयोजन किया था।
गोष्ठी में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में ब्राह्मणों का सम्मान नहीं हो रहा है। वह बैठक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मायावती ने हाल ही में बयान दिया था कि ब्राह्मण का अस्तित्व बसपा में है। जबकि उनका अस्तित्व खुद खत्म हो गया है।
ब्राह्मणों का असली सम्मान समाजवादी पार्टी ही करती है। इसलिए जिन ब्राह्मणों को लगता है कि उनकी किसी अन्य राजनीतिक दल में उपेक्षा हो रही है, वह समाजवादी पार्टी के साथ आएं। उन्हें पूरा सम्मान मिलेगा। कहा कि यूपी में लोकसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी मजबूत हुई है। अब लोगों को सपा से उम्मीद है। जनता का भी रुझान सपा की ओर है।
पूर्व सांसद हरगोविंद वर्मा को याद करते हुए उन्होंने कहा कि वह किसानों के मसीहा थे। उनको सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब इस देश का किसान खुशहाल होगा। वर्तमान में किसान सर्वाधिक परेशान है। वर्तमान सरकार संविधान को न मानकर विपक्ष को समाप्त करना चाहती है।
सपा नेता ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिल पा रहा है। किसान एक-एक बोरी खाद के लिए परेशान हैं। महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। इससे जनता निजात चाहती है। उन्होंने सभी को आगामी विधानसभा चुनावों में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान किसान गोष्ठी में सांसद आनंद भदौरिया, पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री रामपाल राजवंशी, सदस्य विधान परिषद जासमीर अंसारी व अन्य उपस्थित रहे।