चतुर्थ दौर यानी अंतिम चरण के प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के चुनाव का प्रचार मंगलवार शाम को थम गया। प्रचार थमने के बाद अब प्रत्याशी व समर्थक घर-घर जाकर वोट मांगने में जुट गए हैं।
यहां के चार ब्लॉकों में दोनों पदों के लिए 10 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। मतदान सकुशल संपन्न कराने को बुधवार को ब्लॉक मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियां बूथों पर रवाना हो जाएंगी।
चतुर्थ चरण में रेउसा, रामपुर मथुरा, बेहटा, महमूदाबाद में मतदान होगा। चार ब्लॉकों में प्रधान के 2148 व ग्राम पंचायत सदस्य के 3646 प्रत्याशी मैदान में हैं।
मंगलवार को अंतिम चरण के प्रत्याशियों ने सर्द मौसम में खूब पसीना बहाया और मतदाताओं से संपर्क कर वोट मांगा। मंगलवार शाम प्रचार थमने पर अब यहां के चार ब्लॉकों में 10 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे।
इन ब्लॉकों में मतदान को संपन्न कराने को बूथवार मतदान कार्मिकों की ड्यूटियां लगाई गईं हैं। मंगलवार को डीएम डॉ. इंद्रवीर सिंह यादव ने एनआईसी में अफसरों के साथ रेंडमाइजेशन कर बूथवार ड्यूटियां जारी कराई। साथ ही उन्होंने चुनाव तैयारियों की समीक्षा कर प्रगति भी ली। बुधवार को बूथवार ड्यूटी आदेश बांटे जाएंगे।