सदरपुर के फरदापुर मजरा जहांगीराबाद में युवक का शव मिलने के बाद बुधवार कोविलाप करते परिजन। संवा
जहांगीराबाद। सदरपुर के फरदापुर मजरा जहांगीराबाद निवासी पुनीत कुमार उर्फ पिंटू (18) का शव बुधवार को जहांगीराबाद में ईदगाह के निकट तालाबनुमा गड्ढे में उतराता मिला। वह पिछले तीन दिनों से लापता था। परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस के अनुसार तीन दिन से लापता होने के बाद भी परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी।
गांव निवासी रामनरेश वर्मा उर्फ मटरू के अनुसार उनके बड़े बेटे पुनीत नौ नवंबर की सुबह घर से लापता हो गए थे। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह वह गुमशुदगी की सूचना देने देबियापुर चौकी पहुंचे तो वहां चौकी प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने उनका प्रार्थनापत्र नहीं लिया और अभद्रता की।
पिता के अनुसार चौकी से लौटते समय उन्हें एक शव तालाब में मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर उन्होंने शव की पहचान की। इसके बाद उन्होंने थानाध्यक्ष को प्रार्थनापत्र देकर चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने की मांग की। थानाध्यक्ष आशुतोष मिश्र ने मांग के अनुसार पोस्टमार्टम कराने और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पिता के अनुसार मृतक की मां का करीब तीन वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिवार में पिता के अलावा 13 वर्षीय छोटा भाई और 17 वर्षीय बहन हैं। सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार ने बताया कि तीन दिन से गुमशुदगी की तहरीर नहीं दी गई थी। किसी पुलिसकर्मी ने परिजनों से अभद्रता नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।