सीतापुर। डीएम के निर्देश पर छह माह बाद दोबारा पोस्टमार्टम के लिए रामपुरकलां के रहिका मजरा घैला गांव निवासी बबलू (26) का शव कब्र से निकाला गया। बीती 14 मार्च को वह अपने फूफा नरेश के बेटे की शादी में शामिल होने मदारपुर मजरा ईश्वरवारा गया था। वापस न लौटने पर परिजनों ने 15 मार्च को रामपुरकलां थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। 17 मार्च को बबलू का शव बाराबंकी जिले के बड्डूपुर क्षेत्र में पड़ने वाली बड़ी नहर में उतराता मिला था। शव का पोस्टमार्टम बाराबंकी में कराया गया था। रिपोर्ट में बबलू की मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई थी।
बबलू के पिता झब्बूलाल ने 12 अगस्त को डीएम और सीतापुर के एसपी को प्रार्थनापत्र देकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने और 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की थी। शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट सिधौली देवेंद्र कुमार मिश्रा की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया। इस दौरान पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। सीओ वेदप्रकाश ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)