सकरन/महमूदाबाद। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रविवार को विवाहिता समेत दो के शव फंदे से लटके मिले। सकरन में विवाहिता का शव घर के कमरे में, जबकि महमूदाबाद में किशोरी का शव गांव के बाहर आम की बाग में पेड़ से लटका पाया गया। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है।
सकरन के अरुआ गांव निवासी रेखा (22) का शव रविवार शाम घर के अंदर कमरे में साड़ी से बने फंदे से लटकता मिला। मृतका का करीब दो साल पहले अमित उर्फ अजय से विवाह हुआ था। उसकी एक बेटी भी है। इस मामले में पति से विवाद के बाद आत्महत्या किए जाने की चर्चा है। तंबौर निवासी मृतका के पिता जगतपाल ने पिटाई के बाद शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। सीओ हर्षित ने बताया कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
वहीं, महमूदाबाद के कलुवापुर गांव निवासी शालू (17) का शव रविवार शाम गांव के बाहर बाबू की आम की बाग में पेड़ पर बने फंदे से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, शालू सुबह नित्यक्रिया के लिए जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई। शाम को उसका शव बाग में मिला। सीओ कपूर कुमार ने बताया कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।