जीतेश कांत पांडेय
अयोध्या। राममंदिर निर्माण के बाद तेजी से बढ़ रहे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के दबाव को देखते हुए नगर निगम अब सुविधाओं को वन स्टॉप सॉल्यूशन के रूप में विकसित करने जा रहा है। इसी योजना के तहत अयोध्याधाम क्षेत्र में स्थित निगम का पुराना जर्जर जोनल ऑफिस स्मार्ट यात्री सुविधा केंद्र के रूप में तैयार होगा। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह केंद्र यात्रियों को राहत देगा और अयोध्या के पर्यटन ढांचे को नई पहचान भी देगा।
नगर निगम की योजना के अनुसार पुराने भवन को पूरी तरह ध्वस्त कर मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स तैयार किया जाएगा। ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग विकसित होगी, जिससे राममंदिर क्षेत्र में जाम और अव्यवस्था की समस्या कम होगी। इसके साथ ही परिसर में व्यवस्थित दुकानें बनाई जाएंगी, जहां स्थानीय हस्तशिल्प, प्रसाद, पूजन सामग्री और जरूरी वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी।
ऊपरी तल पर सेमिनार हॉल, स्टाफ रूम और प्रशासनिक कक्ष विकसित किए जाएंगे। यहां रामनगरी का मैप और सूचना केंद्र भी स्थापित होगा, जिसमें अयोध्या धाम के सभी प्रमुख तीर्थ स्थलों, मार्गों और सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
खास बात यह है कि यह केंद्र सामान्य दिनों में पर्यटन सुविधा केंद्र के रूप में काम करेगा, जबकि मेलों और बड़े आयोजनों के दौरान इसे अस्थायी कंट्रोल रूम में बदल दिया जाएगा। इससे भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा।
नगर आयुक्त जैनेंद्र कुमार ने बताया कि यह परियोजना अयोध्या को विश्वस्तरीय पर्यटन शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी।
विदेशी पर्यटकों के लिए खास इंतजाम
इस केंद्र की खासियत विदेशी पर्यटकों के लिए प्रस्तावित वन स्टाफ सेंटर होगा। यहां उन्हें भाषा सहायता, पर्यटन संबंधी पूरी जानकारी और टूर गाइड की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी। इससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को अयोध्या भ्रमण में आसानी होगी और शहर की वैश्विक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।