इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। एलिया विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय में एक शिक्षिका की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शिक्षिका ने विद्यालय की बाउंड्रीवाल में ब्लेडयुक्त तार लगवा दिए है। जबकि इन तारों को लगाने पर प्रतिबंध है। इससे कभी भी स्कूल में दुर्घटना हो सकती है।
विकासखंड एलिया के प्राथमिक विद्यालय ककरहा में पिछलेे वर्ष कायाकल्प योजना में विद्यालय में बाउंड्रीवॉल व अन्य निर्माण कार्य हुए थे। तत्कालीन प्रधान मुबारक अली, पंचायत सचिव राजकुमार, तकनीक सहायक संदीप व विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सुमन शुक्ला की देखरेख में बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य हुआ था।
विद्यालय की विशेष सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल पर ऐसे ब्लेडयुक्त तार का प्रयोग किया गया है, जिस पर न्यायालय ने रोक लगा रखी है। आवारा पशुओं से सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर लगाने के लिए इन तारों पर प्रतिबंध लगा हुआ है। पिछले वर्ष ग्राम ढकिया के दो नवयुवक ऐसे ही ब्लेडयुक्त तारों में फंसने से घायल होकर अस्पताल पहुंचे थे। जिसमें एक की गला कटने से मौत हो गई थी। ऐसे में यह तार स्कूल में कभी भी किसी शिक्षक-शिक्षिका व नौनिहालों के लिए परेशानी का सबक बन सकते है।
देखी है हकीकत
ग्राम पंचायत से इसका निर्माण नहीं करवाया गया है। इसे प्रधानाध्यापिका ने स्वयं लगवाया है। लेकिन यह लापरवाही ठीक नहीं है। जानकारी होने के बाद मौके पर जाकर ब्लेडयुक्त तार देखे हैं। जिन्हें हटवाया जाएगा और शिक्षा विभाग से स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई की जाएगी।
- अजीत यादव, बीडीओ
हटवाए जाएंगे तार
खंड विकास अधिकारी के माध्यम से जानकारी हुई है। ब्लेडयुक्त तार हटवा दिए जाएंगे। विद्यालय में अक्सर चोरी व तोड़फोड़ की घटनाएं होती थी, जिस पर विद्यालय के शिक्षक ने बिना समझे तार लगवा दिए थे।
- उमेश कुमार गौतम, बीईओ