महमूदाबाद (सीतापुर)। कोतवाली इलाके के इंदौरा स्थित ऋषभदेव मंदिर में झंडा लगाते समय उसका पाइप हाईटेंशन लाइन से छू गया। झंडा लगा रहे भाजपा नेता व उनके चालक की करंट से मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचे जांच की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
महमूदाबाद-बिसवां मार्ग पर वार्ड नंबर इंदौरा में एक वर्ष पूर्व स्थापित श्री1008 भगवान ऋषभदेव मंदिर पर बुधवार को होने वाले प्रतिस्थापना दिवस वार्षिक महोत्सव की तैयारी चल रही थी। मंगलवार दोपहर महमूदाबाद कोतवाली इलाके के नई बाजार निवासी मंदिर समिति व भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ से जुड़े भूपेंद्र जैन (50) पुत्र मुन्नू लाल जैन प्रवेश द्वार पर लगे झंडे को एक स्थान से दूसरे स्थान पर लगा रहे थे। तभी झंडे में लगा लोहे का पाइप ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से छू गया।
जिससे उन्हें करंट लग गया। देखकर महमूदाबाद इलाके के गोधौरी निवासी उनको बचाने दौड़ा चालक रुकमेंद्र (22) पुत्र जगदंबा प्रसाद भी करंट की चपेट में आ गया। दोनो लोगों को किसी तरह वहां से हटाकर फौरन सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्र में शोक की लहर
भूपेंद्र जैन व उनके चालक की खबर पाकर कई नेता व अफसर मौके पर पहुंचे। एसडीएम महमूदाबाद पीएल मौर्य, सीओ रविशंकर प्रसाद, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंबरीश गुप्ता, भाजपा नेता शिवकुमार गुप्ता, अनिल यादव, भाजपा नगर अध्यक्ष रमाशंकर वर्मा, संजय वर्मा, मोहन प्रसाद बारी, अतुल वर्मा, राजेश शुक्ल समेत भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। भूपेंद्र जैन के निधन की खबर लगने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।