सीतापुर। सीतापुर संसदीय सीट के लिए मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा समेत छह उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। राजेश वर्मा की संपत्ति में पांच साल में दो करोड़ से ज्यादा का इजाफा कर लिया है। असलहे, कार व जेवर के शौकीन हैं। इनकी पत्नी रंजना वर्मा की मालियत 17 लाख बढ़ी है।
जिले की सीतापुर संसदीय सीट पर अब तक 16 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 18 अप्रैल है। निर्वाचन अधिकारी के समक्ष दाखिल किए गए हलफनामे के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी राजेश वर्मा करोड़पति हैं। तीन बार सांसद रहने वाले राजेश का सीतापुर सीट पर यह चौथा चुनाव है।
वर्ष 2014 में प्रस्तुत किए गए नामांकन पत्र के मुताबिक इनके पास 1 करोड़ 9 लाख 41 हजार 419 रुपये की चल सम्पत्ति थी। इसमें 12 लाख के जेवर, 5 लाख नकद, कार, पेट्रोल पंप, प्लाईवुड फैक्ट्री आदि शामिल है। इसके साथ वह 2 करोड़ 29 लाख अचल सम्पत्ति के मालिक थे। जिसमें कृषि व गैर कृषि की जमीनें, मकान आदि शामिल है।
वहीं, इनकी पत्नी रंजना वर्मा के पास 2014 में 25 लाख 67 हजार 203 रुपये की चल तथा 50 लाख की अचल सम्पत्ति थी। रंजना के पास 15 लाख कीमत के सोने के जेवर तथा डेढ़ किलो चांदी थी। जिले के थाना तंबौर अंतर्गत संगत टोला निवासी राजेश वर्मा ने परास्नातक तक शिक्षा प्राप्त की है। इस बार दाखिल हलफनामे के मुताबिक राजेश वर्मा 1 करोड़ 98 लाख 62 हजार 542 रुपये की अचल सम्पत्ति के मालिक हैं।
इसमें एक लाख कीमत का एक रिवॉल्वर, 75 हजार की एक राइफल, दो एसयूवी तथा एक ट्रैक्टर के अलावा 1 लाख 28 हजार की नकदी शामिल है। इसके साथ मकान, जमीनें इत्यादि मिलकर 3 करोड़ 57 लाख की अचल सम्पत्ति का मालिकाना हक भी रखते हैं।
पांच साल में इन्होंने 2 करोड़ 17 लाख 21 हजार 123 रुपये की सम्पत्ति बढ़ाई है। राजेश की पत्नी अब 32 लाख 77 हजार 240 रुपये की चल सम्पत्ति है। 1 लाख 75 हजार की नकदी, 14 लाख 60 हजार के सोने के जेवर और 2.75 किग्रा. चांदी इसमें शामिल हैं। इनकी अचल सम्पत्ति 60 लाख है। पांच साल में रंजना के पास भी 17 लाख 10 हजार 37 रुपये की सम्पत्ति बढ़ी है।
इन प्रत्याशियों ने भी किया नामांकन
मंगलवार को ऑल इंडिया पिछड़ा जन समाज से रामलखन गौतम, इंडियन नेशनल लीग से पीसी कुरील, किसान मजदूर संघर्ष पार्टी से उमेश तथा भारतीय राष्ट्रीय मोर्चा से किशोरी लाल ने भी पर्चा भरा है। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी कैसरजहां व बसपा-सपा गठबंधन प्रत्याशी नकुल दुबे ने दूसरा सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।