सीतापुर। जिलाधिकारी ने सीएचसी अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि प्रसव के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज के समय ही जन्म प्रमाणपत्र जारी कर दिए जाएं। टीबी व फाइलेरिया मरीजों की जांच के लिए सघन अभियान चलाया जाए। डीएम अभिषेक आनंद ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाएं व वैक्सीन की कमी न होने पाए। 10 से 28 अगस्त तक होने वाले राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को अधिक क्रियाशील बनाया जाए। आभा आईडी बनाए जाने की प्रगति में सुधार किया जाए। निर्माण कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराते हुए हस्तांतरित कराया जाए।
जनपद में स्थापित सभी हेल्थ एटीएम का प्रभावी संचालन हो। एनआरसी को प्रभावी रूप से संचालित कराया जाए। यू विन पोर्टल पर नियमित रूप से टीकाकरण सत्रों की फीडिंग हो। आशा के रिक्त पदों पर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए आशा का चयन किया जाए। बैठक के दौरान सीडीओ प्रणता ऐश्वर्या, सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।