सीतापुर। जिला अस्पताल में अब चिकित्सकों की मनमानी उपस्थिति पर लगाम कसेगी। इसके तहत अस्पताल प्रशासन ने सभी चिकित्सकों के लिए बायोमीट्रिक हाजिरी अनिवार्य करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद चिकित्सकों का वेतन भी उनकी बायोमीट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही जारी किया जाएगा। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि अगले एक सप्ताह के भीतर इस व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा।
जिला अस्पताल में शुक्रवार को वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. कमलेश चंद्रा और फिजिशियन डॉ. अनुपम मिश्रा के बीच मरीजों को देखने को लेकर विवाद हो गया था। मामला बढ़ने पर सीएमएस डॉ. इंद्र सिंह ने हस्तक्षेप कर दोनों चिकित्सकों के बीच विवाद शांत कराया था। विभागीय सूत्रों के अनुसार विवाद आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार कराने वाले मरीजों को देखने को लेकर हुआ था।
वरिष्ठ परामर्शदाताओं के नियमित रूप से अस्पताल न आने की चर्चाओं के बीच प्रशासन ने हाजिरी व्यवस्था में बदलाव करने का निर्णय लिया है। जिला अस्पताल में वर्तमान में चार वरिष्ठ परामर्शदाता कार्यरत हैं। अब सभी चिकित्सकों को बायोमीट्रिक मशीन पर उपस्थिति दर्ज करानी होगी।