परिजन के साथ महमूदाबाद इलाके में टप्पेबाजी की शिकार युवती। - संवाद
सीतापुर। महमूदाबाद कस्बे में तहसील गेट के सामने बुधवार को बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। बैंक से रुपये लेकर अपने घर जा रही युवती तहसीलदार आवास के सामने बताशा खाने के लिए रुकी थी। उसने साइकिल के कैरियर पर 68 हजार की नकदी से भरा बैग रखा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इलाके के बघाइन गांव निवासी पूजा देवी के मुताबिक बुधवार सुबह वह अपने नाना दर्शन लाल के साथ उनके खाते से रुपये निकालने स्टेट बैंक गई थी। नाना के खाते से 50 हजार रुपये निकाले और अपने पास पहले से मौजूद 18 हजार रुपये बैग में रख लिए। इसके बाद बैग को साइकिल के कैरियर में लगा लिया।
वहां से निकलकर पूजा दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तहसीलदार आवास के सामने बताशा खाने के लिए ठेले पर रुक गई। साइकिल सड़क किनारे खड़ी कर बताशे खाने लगी। उसी बीच बाइक सवार बदमाशों ने साइकिल के कैरियर से बैग निकाल लिया और भाग गए।
बैग ले जाता देख पूजा चीखने-चिल्लाने लगीं, बदमाशों का पीछा करते समय वह गिर भी गईं लेकिन तब तक बदमाश चिकमंडी चौराहे की ओर से निकल भागे। तहसील परिसर और तहसीलदार आवास के सामने दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से सभी दंग रह गए। इंस्पेक्टर अनिल सिंह मौके पर आए और उन्होंने पीड़िता का बयान दर्ज किया। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।