सिधौली (सीतापुर)। हाईवे पर सरसौली गांव के पास रविवार को कार की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी का इलाज जारी है। लखनऊ के बालागंज निवासी चंद्रप्रकाश बाजपेयी (58) अपनी पत्नी सरोज (55) के साथ बाइक से मिश्रिख के शेखपुर गांव में आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने आए थे।
वापस आते समय हाईवे पर सरसौली गांव के निकट गलत दिशा से आ रही कार से बचने के लिए एक कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों दंपति घायल हो गए। दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी सिधौली लाया गया। जहां चिकित्सकों ने चंद्रप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। जबकि पत्नी सरोज का सीएचसी पर इलाज किया गया है। इंस्पेक्टर बलवंत शाही ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।