महोली। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कारीपाकर गांव के पास बुधवार सुबह एक बाइक पर सवार तीन लोग तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में युवक व बालक शुभम की मौत हो गई। बाइक पर सवार एक बालक घायल हो गया। पुलिस जांच कर रही है।
पकरिया गांव निवासी प्रांशु (25) बुधवार सुबह हर्रैया फत्तेपुर गांव में मजदूर की तलाश में गए थे। वहां से हर्रैया फतेहपुर के शुभम (10) और प्रदीप (12) को बाइक से लेकर नेवादा गांव जा रहे थे। कारीपाकर गांव के पास वह डिवाइडर पार करने लगे। तभी उनकी बाइक सीतापुर से शाहजहांपुर की ओर जा रहे ट्रक की चपेट में आ गई।
बाइक सवार तीनों लोग छिटककर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रांशु को मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद शुभम ने भी दम तोड़ दिया। प्रदीप का इलाज चल रहा है। चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। ट्रक में मवेशी लदे हैं। इंस्पेक्टर जेबी पांडेय ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।