बिसवां। इलाके के गुरेरा गांव के पास स्थित काका ढाबा के नजदीक बुधवार को एक बाइक व की अज्ञात वाहन से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाके के बड़का पुरवा गांव के मजरा गुरेरा निवासी अजय वर्मा (40) बाइक से अपने भतीजे रामबेटा (18) के साथ बिसवां जा रहे थे। काका ढाबा के पास उनकी बाइक की एक अज्ञात वाहन से भिड़ंत हो गई। क्षेत्रीय लोगों की मदद से पुलिस ने बाइक सवार दोनों घायलों को बिसवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने अजय को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल भतीजे रामबेटा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मृतक अजय अपने पीछे चार बेटियों व एक पुत्र को छोड़ गया है। हादसे की जानकारी घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इंस्पेक्टर मुकुल वर्मा ने बताया कि बाइक सवार को टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।