रेउसा (सीतापुर)। थानगांव थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से दो लोग जख्मी हो गए। रेफर किए जाने के दौरान एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव रडागौवढ़ी निवासी आशाराम (33) एक हफ्ते पहले लखनऊ मजदूरी करने गया था। लखीमपुर खीरी में ससुर की मौत की खबर मिलने के बाद वह वापस आ रहा था। वह बस से गुडैचा तक आया। जहां उसकी मुलाकात बाइक सवार रामपुरमथुरा के गांव कुंडी निवासी पुष्पेंद्र (17) से हुई।
वह थानगांव में अपने रिश्तेदार के यहां जा रहा था। क्षेत्र के मियांपुरवा रपटा पुल पास के पास रेउसा की ओर से जा रही एक कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। दोनों बाइक सवार जख्मी हो गए।
सीएचसी से दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ही आशाराम की मौत हो गई। डाॅ. तेज प्रताप ने बताया कि जब घायलों को सीएचसी लाया गया था तो उनके पास हेलमेट नहीं था। एसओ हनुमंत लाल तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।