परसेंडी। तालगांव इलाके में लहरपुर-सीतापुर मार्ग पर पारा गांव के पास मंगलवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली व बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
लहरपुर के मोहल्ला इंदिरानगर निवासी आमिर सुहैल (32) मंगलवार को बाइक से कहीं जा रहे थे। पारा गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। इससे वह सड़क पर गिरे। वह हेलमेट पहने थे। इसके बावजूद सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे की जानकारी से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष अनूप शुक्ल ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अनियंत्रित होकर पलटा ई रिक्शा
लहरपुर। लच्छननगर गांव निवासी राजकुमार (50) अपने ई रिक्शा पर पत्नी को बैठाकर लखीमपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। तहसील मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में ई रिक्शा पलट गया। आसपास के लोगों ने चालक व उसकी पत्नी को रिक्शे के नीचे से निकाला। हादसे में दंपती को चोट नहीं आई। हालांकि ई रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों की मानें तो चालक नशे में था। हादसे के बाद चालक पत्नी को लेकर ई रिक्शा से लखीमपुर रवाना हो गया। (संवाद)